Blog

पाकिस्तान को भारत ने दिया जवाब,दुनिया तभी मानेगी जब कार्रवाई दिखेगी

पाकिस्तान को भारत ने दिया जवाब,दुनिया तभी मानेगी जब कार्रवाई दिखेगी
  • PublishedSeptember 23, 2026

इतिहास इस बात का गवाह रहा है कि पाकिस्तान कहता कुछ और करता कुछ और है। एक ओर भारत से गलबहियां करना और फिर पीठ में छुरा घोंपने जैसी उसकी पुरानी आदत रही है। वहीं अब पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने दावा किया है कि उनकी सेना आतंकवाद को हराने का संकल्प ले चुकी है। इस पर भारत की ओर से दो टूक जवाब दिया गया कि दुनिया पाकिस्तान की बात तभी मानेगी जब कार्रवाई जमीन पर नजर आएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को अपने दावों को साबित करने के लिए ठोस और विश्वसनीय कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई तभी दुनिया के भरोसे के लायक होगी, जब उसके कदम जमीन पर दिखाई दें। यह बयान मुनीर के उस बयान के बाद आया जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के सशस्त्र बलों के आतंकवाद को हराने के संकल्प की बात कही थी।

वहीं, अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। जायसवाल ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि एक संप्रभु पड़ोसी के खिलाफ इस तरह की आक्रामकता क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के खिलाफ है। उन्होंने हमलों में नागरिकों की मौत पर संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। संयुक्त राष्ट्र मिशन के अनुसार कुनार में तीन नागरिकों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान ने हालांकि कहा है कि उसके हमलों में आतंकवादी निशाना बनाए गए थे।भारत ने अफगानिस्तान की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया। अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तानी हमलों को अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए विरोध दर्ज कराया है।यूक्रेन के विदेश मंत्री के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मुलाकात पर जायसवाल ने कहा कि भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है। उन्होंने कहा कि भारत रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में है और यदि वह किसी तरह योगदान दे सकता है तो इसके लिए तैयार है।जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विदेश सचिव से मुलाकात की। जायसवाल के मुताबिक, बैठक में भारत-जापान संबंधों, आर्थिक सुरक्षा साझेदारी और रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व LDP के इंटरनेशनल ब्यूरो के महानिदेशक तारो कोनो ने किया।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *