सीएम चुने जाने के बाद सम्राट ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर कह दी बड़ी बातें,जानिए क्या कहा?
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 20 साल से मैं राजनीति में सक्रिय हूं लेकिन पहले कोई विचारधारा नहीं थी। 2015 में भाजपा के साथ जुड़ने का अवसर मिला। तब से पार्टी ने जब जो दायित्व दिया, उसे मैंने जिम्मेदारी के साथ निभाया। मुझे पार्टी ने कई पदों पर काम करने का मौका दिया। पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया। जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो मुझे उपमुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला। 2025 में जब दोबारा NDA की सरकार बनी तो मुझे गृह विभाग के मंत्री और उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का अवसर मिला। आज मुझे फिर से एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, इसे मैं निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा के विधान मंडल का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है।

मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। देश के प्रधानमंत्री कुशल नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार ने मुझे सरकार का काम करना सिखाया है। उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास की दिशा में निरंतर बढ़ता रहेगा। आपका सफलतम कार्यकाल और सुशासन का मॉडल प्रेरणास्रोत है।