SIR के विरोध में सड़कों पर उतरा इंडिया गठबंधन,राहुल और प्रियंका गांधी धरने पर बैठे
SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में आज विपक्षी पार्टियां सड़क उतरीं हैं। INDIA गठबंधन के नेता संसद के मकर द्वार से लेकर चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक मार्च निकाल रहे हैं। विपक्ष के इस मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत समेत कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। INDIA ब्लॉक ने आज के इस मार्च को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ नाम दिया है। प्रोटेस्ट में जिन 19 विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए हैं। इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J) का नाम हैं।संसद के मकर द्वार से शुरू हुए विपक्ष के मार्च को दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक जाने से रोक दिया है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, ‘दिल्ली को चारों तरफ से पूरी तरह सील कर दिया गया है। किसी को भी अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। अगर यह इमरजेंसी नहीं है, तो क्या है? जिस संस्था पर देश के लोगों ने 70 साल तक भरोसा किया, उस भरोसे को एक व्यक्ति ने पूरी तरह तोड़ दिया है। सुप्रीम कोर्ट की इतनी सख्त टिप्पणियों के बाद भी, उनमें पद छोड़ने की नैतिकता नहीं है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।’