वायरल बयान पर संजय दत्त ने दी सफाई,मेरा इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं
हमेशा अपनी फिल्मों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले संजय दत्त इन दिनों अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उनका बयान वायरल हुआ, उनकी आलोचना शुरू हो गई, जिसके बाद उन्होंने सफाई दी है. संजय दत्त का कहना है कि वो किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे. ये पूरा मामला शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ से जुड़ा हुआ है.हाल ही में संजय दत्त ‘शेखर टुनाइट’ शो का हिस्सा बने. उन्होंने इस शो में कुछ ऐसी बातें कहीं, जिनको लेकर उनकी आलोचना शुरू हो गई. अब सफाई देते हुए संजय दत्त ने X पर एक पोस्ट किया और लिखा, “मैं ये स्पष्ट करना चाहता हूं कि किसी भी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना, उनका अपमान करना या उनका अनादर करना मेरा उद्देश्य कभी नहीं रहा है.”संजय दत्त ने आगे लिखा, “मेरी टिप्पणियां एक स्क्रिप्टेड बातचीत के संदर्भ में की गई थीं, जिसका उद्देश्य हल्का-फुल्का और हास्यपूर्ण संवाद करना था. इसके पीछे की भावना ‘मुन्ना भाई’ जैसी फिल्मों में दिखाई गई हास्य और व्यंग्य की शैली के समान थी, विशेष रूप से ‘गांधीगिरी’ की उस सोच से प्रेरित थी, जिसका उद्देश्य प्रेम, एकजुटता और सद्भावना का संदेश देना था. दुर्भाग्यवश, मेरी बातों को उस मूल संदर्भ से अलग तरीके से समझा गया.” संजय दत्त का ये बयान 4 अक्टूबर को सामने आया है. शो में की गई टिप्पणी के वायरल होने के बाद उन्होंने ये सफाई दी है.

बहरहाल, अगर बात उनकी प्रोफेशनल लाइफ की करें तो साल 2026 में संजय दत्त 6 फिल्मों में दिखे हैं. उनकी वो फिल्में हैं- ‘द राजा साब’ ‘धुरंधर 2’, ‘केडी: द डेविल’, ‘राजा शिवाजी’, ‘7 डॉग्स’, ‘आखिरी सवाल’. इनमें ‘7 डॉग्स’ इंटरनेशनल फिल्म थी. सऊदी अरब की इस पिक्चर में उन्होंने सलमान खान के साथ कैमियो किया था.वहीं उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘रेंजर’ और ‘खलनायक रिटर्न्स’ का नाम शामिल है.