केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अखिलेश पर किया पलटवार,कहा-हिट जोड़ी से आपका घबराना जायज
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उपमुख्यंत्री मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के बीच सोशल मीडिया एक्स पर सियासी बयानबाजी जारी है. शनिवार को उपमुख्यंमत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया. इसमें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि उनसे स्नेहिल भेंटकर कुशलक्षेम जाना एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई.इसे लेकर अखिलेश यादव ने एक वीडियो रील एक्स पर पोस्ट की. इसके साथ गाने के धुन है. उन्होंने लिखा कि दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती!अखिलेश यादव के एक्स पर वीडियो पोस्ट के बाद उपमुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है. केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है. आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है.उन्होंने लिखा, मैं, महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हूं. इसके साथ ही करुणावतार भगवान गौतम बुद्ध की विरासत से भी जुड़ा हूं जिन्होंने संसार को शांति, समता और न्याय का मार्ग दिखाया, लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा.उन्होंने लिखा इन अन्यायों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से कमल खिलाकर दिया जाएगा. 2047 तक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ हर अन्याय का पूरा हिसाब किया जाएगा.वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा, आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है. इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं. मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता जनार्दन की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं. हम बातों से ज्यादा धरातल पर कार्य करने में भरोसा रखते हैं.उन्होंने लिखा, तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है.

कुर्सी मोह से ग्रसित कुत्सित राजनीति का जनता पर असर नहीं होने वाला है. यह नया उत्तर प्रदेश है यहां विकास भी है, जनता का विश्वास भी है, साथ भी है और आशीर्वाद भी है.उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए आगे लिखा, मेरी आपको सलाह है कि फर्जी बयानों में कुछ नहीं रखा है, जनता सब कुछ जानती है. चुनावो में जनता लगातार आपको आईना दिखाती रहती है और आगामी चुनावों में भी दिखाएगी. हम भगवान बुद्ध के शांति, बंधुत्व और सौहार्द के पथ पर सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा के साथ अग्रसर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की पूर्ति लिए दृढ़संकल्पित हैं. जनता के विश्वास और आशीर्वाद से भाजपा पुनः 2027 में सरकार बनाने वाली है.