CM सम्राट और प्रशांत किशोर की मुलाकात,हाथ मिलाने के बाद क्या हुई बात?
बिहार की राजनीति में एक-दूसरे के खिलाफ तीखे बयान देने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जनसुराज के संयोजक प्रशांत किशोर आज जब आमने-सामने आए तो न कोई तल्खी दिखी और न ही सियासी तकरार. दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हालचाल पूछा.lऐसे में दो धुर विरोधी पार्टियों के बड़े नेताओं के बीच यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रशांत किशोर लगातार उन पर हमलावर रहे हैं. यहां तक कि उन्हें बहस की चुनौती भी देते रहे हैं. ऐसे में दोनों नेताओं का यह सहज अंदाज कई राजनीतिक सवाल खड़े कर रहा है. बता दें कि प्रशांत किशोर सीएम सम्राट को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पटखनी देने के बाद एमएलसी चुनाव में भी एक सीट पर जीत दर्ज कर अपनी धमक दर्ज करा चुके हैं.मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रशांत किशोर लगातार सम्राट चौधरी की कार्यशैली और सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं. अपने बयानों में उन्होंने सम्राट चौधरी को अपराधी तक कहा और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा. वे मुख्यमंत्री को सार्वजनिक बहस की चुनौती भी देते रहे हैं.

लेकिन आज जब दोनों का आमना-सामना हुआ तो प्रशांत किशोर खुद आगे बढ़कर मुख्यमंत्री से मिले. दोनों के बीच मुस्कुराहट के साथ हाथ मिलाने और कुछ देर बातचीत भी करते दिखाई दिए.राजनीति में सार्वजनिक मंचों पर विरोध और व्यक्तिगत मुलाकातों में शिष्टाचार, दोनों अलग-अलग चीजें हो सकती हैं. प्रशांत किशोर का मुख्यमंत्री से हाथ मिलाना अपने आप में उनके राजनीतिक रुख में बदलाव का प्रमाण है या फिर कोई सियासी समीकरण साधने की जुगत, यह आने वाला समय बताएगा.लेकिन सवाल यह भी है कि क्या लगातार हमलावर रहने के बाद प्रशांत किशोर का यह सहज व्यवहार किसी बदले हुए राजनीतिक अंदाज का संकेत है? क्या वे सरकार की आलोचना जारी रखते हुए व्यक्तिगत संबंधों में शिष्टाचार बनाए रखना चाहते हैं? या फिर यह महज संयोग था कि दोनों नेता एक ही कार्यक्रम में पहुंच गए?प्रशांत किशोर लगातार बिहार की कानून-व्यवस्था, रोजगार, पलायन और सरकार के कामकाज को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सवाल उठाते रहे हैं. उनके बयानों में मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी शामिल रही है. दूसरी तरफ सम्राट चौधरी और बीजेपी की ओर से जनसुराज के आरोपों का जवाब दिया जाता रहा है.दरअसल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जनसंघ और बीजेपी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा के श्रद्धाकर्म में शामिल होने पाटलिपुत्र स्थित उनके आवास ‘अन्नपूर्णा भवन’ पहुंचे थे. जनसुराज के संयोजक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर भी वहां पहले से मौजूद थे.प्रशांत किशोर ऋतुराज सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल से निकल रहे थे. इसी दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का वहां आगमन हुआ. प्रशांत किशोर रुक गए और आगे बढ़कर मुख्यमंत्री से हाथ मिलाया. दोनों ने कुछ देर बातचीत की और एक-दूसरे का हालचाल पूछा. इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे.