आज से शुरू हुआ छठ का महापर्व!नहाय-खाय में क्या खाना है जरूरी?
लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है. इस महापर्व का इंतजार सालभर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को रहता है. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान की शुरुआत नहाय-खाय से होती है.नहाय-खाय के साथ ही आज से छठ की शुरुआत हो रही है. यह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि शरीर, मन और घर की शुद्धता के साथ छठ पूजा की शुरुआत करने का प्रतीक है. इस दिन से ही व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ छठी मैया की आराधना में जुट जाते हैं।घरों में सुबह से ही छठ की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. कोई घर की सफाई में जुटा रहता है तो कोई पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को व्यवस्थित करने में. हर तरफ एक अलग उत्साह और भक्ति का माहौल दिखाई देने लगता है।नहाय-खाय के दिन सुबह से ही घरों में विशेष साफ-सफाई की जाती है.

व्रती स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं. कई व्रती गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा की शुरुआत करते हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, पवित्र नदियों में स्नान करने से तन और मन की शुद्धि होती है।इसके बाद घर और रसोई की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है. छठ पूजा में पवित्रता का इतना महत्व है कि भोजन तैयार करने से लेकर पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तक हर चीज को विशेष सावधानी से रखा जाता है. रसोई की सफाई की जाती है और भोजन बनाने वाले स्थान को भी शुद्ध रखा जाता है. मान्यता है कि नहाय-खाय के दिन से ही व्रती अपने खानपान और दिनचर्या में बदलाव करते हुए स्वयं को कठिन तपस्या के लिए तैयार करते हैं.नहाय-खाय के दिन बनने वाले भोजन की भी अपनी खास परंपरा है. इस दिन अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू यानी लौकी की सब्जी बनाई जाती है. यह भोजन पूरी तरह सात्विक होता है. इसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता हैं.भोजन बनाने में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है. कई घरों में इसे मिट्टी के चूल्हे पर तैयार करने की भी परंपरा है. भोजन तैयार होने के बाद सबसे पहले व्रती इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भोजन करते हैं. इस भोजन में सादगी के साथ-साथ धार्मिक आस्था भी जुड़ी होती है. यही वजह है कि नहाय-खाय के दिन बनने वाली इस विशेष थाली का छठ पूजा में अलग ही महत्व होता है.नहाय-खाय में कद्दू की सब्जी को शामिल करने के पीछे धार्मिक मान्यता के साथ-साथ स्वास्थ्य से जुड़ा पहलू भी बताया जाता है।कद्दू में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है. छठ व्रतियों को आगे चलकर लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखना होता है. ऐसे में व्रत शुरू होने से पहले शरीर में पर्याप्त मात्रा में पानी और पोषक तत्वों की उपलब्धता जरूरी होती है.नहाय-खाय में अरवा चावल के इस्तेमाल का भी विशेष धार्मिक महत्व है. अरवा चावल को सात्विक और शुद्ध भोजन की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है. छठ पूजा में भोजन की शुद्धता सर्वोपरि होती है. यही वजह है कि इस दिन विशेष रूप से अरवा चावल का भात बनाया जाता है.इसके साथ चने की दाल और कद्दू की सब्जी का सेवन किया जाता है. चने की दाल को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो शरीर को पोषण देने में मदद करती है. इस तरह नहाय-खाय की थाली में शामिल हर खाद्य सामग्री का अपना अलग महत्व है. एक तरफ यह धार्मिक परंपरा का हिस्सा है तो दूसरी तरफ शरीर को आने वाले उपवास के लिए तैयार करने में भी मददगार मानी जाती है.छठ पूजा में नहाय-खाय के दिन से ही व्रती खानपान को लेकर बेहद सतर्क हो जाते हैं. इस दिन भोजन में तामसिक चीजों से परहेज किया जाता है. प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है. भोजन बनाने के लिए साफ-सुथरे बर्तनों का प्रयोग होता है।कई परिवारों में भोजन बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, यह परंपरा सभी घरों में एक जैसी नहीं होती है. व्रती अपनी सुविधा और पारिवारिक परंपरा के अनुसार भोजन तैयार करते हैं. सबसे खास बात यह है कि भोजन तैयार करने से लेकर उसे ग्रहण करने तक हर प्रक्रिया में शुद्धता और नियमों का पालन किया जाता है.नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान का पहला दिन पूरा होता है. इसके अगले दिन खरना होता है. खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को स्नान के बाद पूजा करते हैं. इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद तैयार किया जाता है.व्रती सबसे पहले भगवान को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद बांटा जाता है. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है. इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं.छठ पूजा की सबसे खास बात यह है कि इसमें परिवार के हर सदस्य की भागीदारी होती है. नहाय-खाय के दिन से ही घरों में छठ के गीत सुनाई देने लगते हैं. महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाती हैं और परिवार के सदस्य पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं. कोई पूजा सामग्री की व्यवस्था करता है तो कोई घाट की तैयारी में सहयोग करता है.बाजारों में भी छठ से जुड़ी सामग्री की खरीदारी बढ़ जाती है। फल, सब्जियां, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर रौनक दिखाई देने लगती है. गांव हो या शहर, हर जगह छठ को लेकर एक अलग उत्साह नजर आता है.नहाय-खाय से शुरू होने वाला छठ महापर्व हमें बताता है कि किसी भी कठिन साधना के लिए शरीर और मन की शुद्धता कितनी जरूरी है. अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सादगी भरी थाली के साथ शुरू होने वाला यह अनुष्ठान आगे चलकर लोक आस्था, विश्वास और समर्पण की ऐसी मिसाल बन जाता है।