‘टीम भाजपा’ का जल्द होगा ऐलान,कई युवा नेताओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का जल्दी ही ऐलान हो सकता है. केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलों के बीच भाजपा संगठन में भी बदलाव की तैयारी है. इस बीच गुरुवार को नितिन नवीन की टीम को लेकर साढ़े तीन घंटे तक मंथन चला. यह बैठक होम मिनिस्टर अमित शाह के घर पर हुई. इसमें नितिन नवीन के अलावा भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद थे. बैठक में इस बात पर मंथन हुआ कि किस नेता को संगठन में क्या जिम्मेदारी दी जाए. सूत्रों का कहना है कि ऐसे भी कुछ लोगों को संगठन में जिम्मेदारी मिल सकती है, जो अब तक सरकार का हिस्सा हैं. साफ है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल होना तय है और कुछ लोग सरकार से निकलकर संगठन में आ सकते हैं. सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व संगठन में वरिष्ठ नेताओं के साथ ही युवा चेहरों को भी शामिल करना चाहता है. इस बैठक के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मीटिंग में सरकार के अलावा संगठन को लेकर भी बात हुई है.

नितिन नवीन को जनवरी में भाजपा अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी मिली थी. तब से ही कयास लगते रहे हैं कि उनकी टीम का गठन हो सकता है, लेकिन अब तक नहीं हो सका. अब कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के कुछ नेताओं को अहमियत मिल सकती है. ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि राज्य में अगले साल चुनाव होने हैं. इसके अलावा पंजाब, उत्तराखंड जैसे राज्यों के नेताओं को भी संगठन में जगह मिलने की चर्चा है. बता दें कि मोदी सरकार में जल्दी ही फेरबदल की भी चर्चा है. हालांकि यह तय नहीं है कि पहले सरकार में फेरबदल होगा या फिर संगठन में बदलाव पहले किया जाएगा. बता दें कि हाल ही में यूपी भाजपा का भी गठन हुआ है.