Blog

आज रात से बंद हो जाएंगे दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन,जनता की बढ़ेगी परेशानी

आज रात से बंद हो जाएंगे दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन,जनता की बढ़ेगी परेशानी
  • PublishedOctober 9, 2026

राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को विपक्षी पार्टियों के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का फैसला किया है. यह व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से लागू होगी और 10 अक्टूबर को अगले आदेश तक जारी रहेगी. इस दौरान यात्री इन स्टेशनों से मेट्रो में चढ़ने या बाहर निकलने के लिए गेट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए DMRC को पत्र लिखा था. इसके बाद मेट्रो स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले प्रभावित स्टेशनों की जानकारी जरूर ले लें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी न हो.DMRC के सर्विस अपडेट के मुताबिक, दिल्ली के कुल 57 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास बंद रहेगा. प्रभावित स्टेशनों में राजीव चौक, कश्मीरी गेट, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, आईटीओ, जामा मस्जिद, जनपथ, खान मार्केट, लाजपत नगर, मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, सराय काले खां-निजामुद्दीन, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.इन स्टेशनों पर यात्री सड़क से मेट्रो स्टेशन के अंदर नहीं जा सकेंगे और न ही स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे. हालांकि, जिन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा है, वहां एक लाइन से दूसरी लाइन में बदलने की सुविधा जारी रहेगी.

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी.राजधानी में 10 अक्टूबर को विपक्षी पार्टियों की ओर से विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया गया है. प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं. इसी वजह से प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है.प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और चुनाव आयोग के आसपास के इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. दी गई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. संबंधित इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए गए हैं.प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में अर्धसैनिक बलों के करीब 21 हजार जवानों की तैनाती किए जाने की जानकारी दी गई है. जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ करीब एक हजार अतिरिक्त CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं. इन कैमरों से मिलने वाली तस्वीरों पर नजर रखने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है. यहां से पुलिस अधिकारी संवेदनशील इलाकों की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे.पुलिस का मुख्य उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना है. इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को 9 अक्टूबर की रात 9 बजे के बाद और 10 अक्टूबर को यात्रा की योजना बनाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. प्रभावित स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे स्टेशन या परिवहन के साधनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है.यात्रियों को सलाह है कि वे DMRC के आधिकारिक सर्विस अपडेट की जांच करके ही घर से निकलें. यह भी ध्यान रखें कि गेट बंद होने की व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी.वहीं विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए नमो भारत के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. हालांकि, इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार सुचारू रूप से चलती रहेंगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दोनों स्टेशनों के बंद रहने को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *