पटना में काउंटिंग सेंटर पर हंगामा,बीजेपी के नवल किशोर Vs आरजेडी के डॉ.संजीव
आज बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आएंगे. चार स्नातक (पटना, दरभंगा, तिरहुत, कोसी) और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों (पटना, दरभंगा, तिरहुत, सारण) में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इन आठ सीटों के लिए कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 90 स्नातक और 60 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार हैं. खास तौर पर पटना शिक्षक और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम पर राजनीतिक दलों की नजर टिकी हुई है.आरजेडी MLC उम्मीदवार डॉ. संजीव ने कहा कि एमपी चुनाव हो, MLA चुनाव हो, वार्ड सदस्य का चुनाव हो, मुखिया और सरपंच का हर चुनाव में काउंटिंग हॉल में CCTV लगे होते हैं लेकिन यहां पर CCTV क्यों नहीं है? आगे उन्होंने कहा कि ये प्रशासन को संदेह के घेरे में लाता है. हालांकि कुछ भी हो लेकिन उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है.पटना में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार के एक कार्यकर्ता ने काउंटिंग सेंटर पर व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटर पर कोई व्यवस्था नहीं है, सीसीटीवी की निगरानी भी नहीं हो रही है और पूरी तरह से धांधली की जा रही है.

कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठ गए है.पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड के वर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार और जनसुराज के डॉ. अनुज कुमार सिंह के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. नीरज कुमार लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं. दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल के दिलीप कुमार पटेल भी मुकाबले में अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं. कांग्रेस ने इस सीट से डॉ. असदुल्लाह खान को प्रत्याशी बनाया है. इस तरह विपक्षी दलों के अलग-अलग उम्मीदवारों के मैदान में होने से मतों का बंटवारा भी चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है. स्नातक निर्वाचन में भी 18 प्रत्याशी मैदान में है.पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के वर्तमान विधान पार्षद प्रो. नवल किशोर यादव लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज करने के बाद छठी बार सदन पहुंचने की कोशिश में हैं. उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी और पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार सिंह से है. वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार यादव भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं. जनसुराज की डॉ. दिव्या ज्योति भी इस सीट से चुनाव मैदान में हैं. नवल किशोर यादव लंबे समय से शिक्षक राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं, ऐसे में इस बार उनके सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती है. इस सीट पर नवल किशोर यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. मैदान में कुल 18 प्रत्याशी हैं।