बिहार के इन जिलों में बाढ़ का अलर्ट!एक्टिव मोड में आई सम्राट सरकार
नेपाल के रसुवा जिले में आई बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है. भोटेकाशी नदी अचानक उफान पर आ गई है. कई गांव-बाजार, सड़कें और पुल बह गए हैं. पानी का बहाव तेजी से बिहार की तरफ बढ़ रहा है. जिस वजह से गंडक के जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है. पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, बगहा, गोपालगंज समेत कई जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खुद वाल्मीकि नगर भी जाएंगे. फिलहाल सावधानी बरतें और अफवाहों से बचें.नेपाल में हुए भूस्खलन के बाद गंडक नदी के जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. छः प्रखंड के 62 पंचायत प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगो से ऊंचे स्थान पर जाने की अपील की जा रही है.नेपाल के ऊपरी गंडक कैचमेंट में फ्लैश फ्लड की स्थिति है. गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने और करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना है. बिहार के गंडक से जुड़े जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली अलर्ट पर है. सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी निगरानी बढ़ाई गई है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि स्थिति पर हमारी नजर है. उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हम तैयार हैं. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
