शिक्षक बहाली पर बोले शिक्षा मंत्री-हर काम तय समय पर होगा,प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को दी आश्वासन
आज TRE 4 अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को लेकर पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला था. अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास जाना चाहते थे, लेकिन जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इस घटना में कई अभ्यर्थियों को गंभीर चोट लगी. लाठीचार्ज के दौरान महिला अभ्यर्थी भी गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं. कई अभ्यर्थियों को जबरन पकड़ का वैन में बंद कर दिया गया.वहीं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को विभाग का पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा भी की और विभाग में लंबित मामलों को जल्द निपटाने की बात कही. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अब शिक्षा विभाग में “कुछ भी नहीं फंसेगा”.

चाहे बहाली से जुड़ा मामला हो या फरियादियों की शिकायत, हर काम तय समय पर किया जाएगा. उन्होंने कहा, “मैं खुद शिक्षक रहा हूं. मुझे पता है कि विभाग में कहां-कहां दिक्कतें होती हैं और अभ्यर्थियों को किन परेशानियों से गुजरना पड़ता है. अब विभाग में किसी की मनमानी नहीं चलेगी.” TRE-4 बहाली का विज्ञापन भी जल्द निकाला जाएगा.शिक्षा मंत्री ने विभागीय कामकाज को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू करने की बात कही. उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी अब सीधे जवाबदेह होंगे और फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वह पदभार ग्रहण करने के साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा करेंगे. उन्होंने TRE-4 भर्ती को लेकर भी बड़ा संकेत देते हुए कहा कि जल्द ही इस विषय पर बैठक होगी और अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।