Blog

इन वजहों से रुक सकती है PM-KISAN की 2,000 वाली किस्त,ऐसे करें चेक

इन वजहों से रुक सकती है PM-KISAN की 2,000 वाली किस्त,ऐसे करें चेक
  • PublishedAugust 30, 2026

देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि यानी PM-KISAN योजना की किस्त का इंतजार करते हैं. इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में कुल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. हर किस्त में किसान को ₹2,000 मिलते हैं.लेकिन सिर्फ PM-KISAN में नाम दर्ज होना ही काफी नहीं है. किस्त पाने के लिए किसान को कुछ जरूरी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होती हैं. सरकार के मुताबिक लैंड-सीडिंग, बैंक खाते से आधार लिंकिंग और e-KYC तीन अहम शर्तें हैं. इनमें से कोई भी काम अधूरा होने पर किस्त का भुगतान रुक सकता है.किस्त अटकने की पहली बड़ी वजह लैंड-सीडिंग हो सकती है. आसान भाषा में समझें तो किसान की जमीन से जुड़ी जानकारी PM-KISAN के रिकॉर्ड में सही तरीके से दर्ज और सत्यापित होनी चाहिए. अगर जमीन का रिकॉर्ड अपडेट नहीं है या योजना के रिकॉर्ड में जमीन से जुड़ी जानकारी पूरी नहीं है, तो किसान की किस्त प्रभावित हो सकती है. सरकार ने भी साफ किया है कि PM-KISAN का लाभ लेने के लिए लैंड-सीडिंग जरूरी शर्तों में शामिल है.दूसरी बड़ी वजह आधार और बैंक खाते की लिंकिंग हो सकती है. PM-KISAN की रकम DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है.

अगर किसान का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो किस्त का भुगतान अटक सकता है. फरवरी 2026 में सरकार ने लोकसभा में बताया था कि 30,18,361 किसानों के बैंक खातों की आधार सीडिंग लंबित थी. इनमें उत्तर प्रदेश के 10.44 लाख से ज्यादा और बिहार के करीब 1.39 लाख मामले थे.किस्त रुकने की तीसरी और बेहद जरूरी वजह e-KYC का पूरा नहीं होना है. सरकार ने PM-KISAN लाभार्थियों के लिए e-KYC को अनिवार्य किया है. किसान PM-KISAN की वेबसाइट पर OTP के जरिए e-KYC कर सकते हैं. इसके अलावा बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है. अगर ऑनलाइन e-KYC में दिक्कत आती है तो नजदीकी CSC सेंटर की मदद ली जा सकती है.सरकार की ओर से संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, जरूरी शर्तें पूरी नहीं होने के कारण लैंड-सीडिंग से जुड़े 16,52,379, आधार-बैंक सीडिंग से जुड़े 23,53,748 और e-KYC से जुड़े 32,94,609 लाभार्थियों का भुगतान प्रभावित हुआ था. इससे साफ है कि सिर्फ PM-KISAN में रजिस्ट्रेशन होना पर्याप्त नहीं है. किसान को अपने रिकॉर्ड और जरूरी सत्यापन भी पूरा रखना होगा.अगर आपके खाते में PM-KISAN की ₹2,000 वाली किस्त नहीं आई है तो सबसे पहले अपना स्टेटस चेक करें. PM-KISAN के आधिकारिक पोर्टल पर Know Your Status विकल्प के जरिए भुगतान से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है. यहां किसान भुगतान की स्थिति, बैंक का नाम, UTR नंबर और खाते में पैसा जमा होने की तारीख जैसी जानकारी देख सकते हैं.साथ ही e-KYC, आधार-बैंक लिंकिंग और जमीन की लैंड-सीडिंग का स्टेटस भी जरूर जांच लें. इनमें से कोई प्रक्रिया अधूरी है तो उसे जल्द पूरा करें, ताकि आगे आने वाली किस्त में परेशानी न हो.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *