इस कंपनी ने मचाई तबाही,मुनाफे में हुआ 291% का महा-उछाल
शेयर बाजार में जब चारो तरफ लाल निशान हावी हो और बिकवाली का दबाव हो, ऐसे वक्त में कुछ चुनिंदा कंपनियां अपने शानदार प्रदर्शन से निवेशकों का भरोसा जीत लेती हैं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. देश के इस सबसे बड़े कमोडिटी एक्सचेंज ने 8 मई को बाजार बंद होने के बाद अपने मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया. ये आंकड़े इतने जबरदस्त हैं कि बाजार के जानकारों को सोमवार (11 मई) को इस शेयर में बड़ी हलचल की उम्मीद नजर आ रही है.अगर कंपनी की बैलेंस शीट पर नजर डालें, तो मार्च तिमाही एमसीएक्स के लिए किसी सुनहरे दौर से कम नहीं रही. कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले साल की इसी अवधि के 135 करोड़ रुपये से करीब 291 फीसदी की लंबी छलांग लगाकर 530 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. एक आम निवेशक के नजरिए से देखें, तो यह आंकड़ा यह बताने के लिए काफी है कि कंपनी का बिजनेस मॉडल किस रफ्तार से विस्तार कर रहा है.

सिर्फ मुनाफा ही नहीं, ऑपरेशंस से होने वाली कमाई (रेवेन्यू) भी 205 फीसदी बढ़कर 889 करोड़ रुपये हो गई है, जो एक साल पहले महज 290 करोड़ रुपये थी.कंपनी के प्रॉफिट मार्जिन में भी जबरदस्त सुधार दिखा है. इस दौरान कंपनी का एबिटा (EBITDA) 160 करोड़ से बढ़कर 667 करोड़ रुपये हो गया और एबिटा मार्जिन 55 फीसदी से उछलकर सीधे 74.80 फीसदी पर आ गया. यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से कंपनी की मजबूत ऑपरेशनल और वित्तीय क्षमता को दर्शाता है.शेयर बाजार में निवेश करने वाले व्यक्ति की नजर कंपनी के मुनाफे के साथ-साथ पैसिव इनकम यानी डिविडेंड पर भी होती है. इन शानदार नतीजों से उत्साहित एमसीएक्स प्रबंधन ने अपने शेयरधारकों को एक और सौगात दी है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 8 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा की है. हालांकि, नियमानुसार निवेशकों के बैंक खाते में यह रकम तब आएगी, जब कंपनी की 24वीं सालाना आम बैठक (AGM) में इस प्रस्ताव को शेयरधारकों की औपचारिक मंजूरी मिल जाएगी.यह शेयर लंबी अवधि के निवेशकों के लिए एक बड़ा ‘वेल्थ क्रिएटर’ साबित हुआ है. साल 2026 के इन शुरुआती महीनों में ही यह शेयर 41 फीसदी भाग चुका है. अगर पिछले एक साल के प्रदर्शन को देखें तो इसने अपने निवेशकों को 133 फीसदी और तीन साल में 950 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है.आज के समय में एमसीएक्स का मार्केट कैपिटलाइजेशन 75,000 करोड़ रुपये के पार जा चुका है. यह देश के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज बीएसई (BSE) के 1.59 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के लगभग आधे हिस्से के बराबर पहुंच गया है.