Blog

अभिजीत दीपके ने किया बड़ा ऐलान,भूख हड़ताल पर हम खुद बैठेंगे

अभिजीत दीपके ने किया बड़ा ऐलान,भूख हड़ताल पर हम खुद बैठेंगे
  • PublishedJuly 18, 2026

अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की। अभिजीत दीपके आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। अभिजीत का दावा है कि उनके साथ मारपीट की गई, वह पुलिस की गिरफ्त से भाग कर जंतर मंतर पहुंचे। अभिजीत दीपके का कहना है कि 20 जुलाई को संसद चलो अभियान होकर रहेगा। उन्होंने लोगों से हर राज्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की। बता दें कि शनिवार सुबह जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस अपने साथ अस्पताल ले गई। जिसके बाद जानकारी आई कि सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा, ‘अगर उन्हें लगता है कि सोनम सर को ले जाने से यह आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो वे गलतफहमी में हैं। हम यहीं रहेंगे और 20 जुलाई को संसद तक मार्च करेंगे।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अब तक हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन इस घृणित कृत्य के बाद अब हम पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे।’अभिजीत दीपके ने कहा, ‘सुबह सात बजे जब मैं फ्रेश होने के लिए यहां से निकला, तो पुलिस के गुंडे वहां आए। वे सोनम सर को गालियां देते हुए घसीटकर लेकर गए। 60 साल का एक व्यक्ति, जो 20 दिनों से भूख हड़ताल पर था उन्हें दिल्ली पुलिस जबरदस्ती घसीटकर यहां से लेकर गई। हमें नहीं पता कि कहां लेकर गए हैं। जैसे ही मुझे खबर मिली, मैं जंतर-मंतर आ रहा था, तो पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की। ये पुलिस नहीं आरएसएस के गुंडे हैं।

मैं विदेश से अपने देश वापस आया था, क्या मैं कोई अपराधी हूं? मुझे इन लोगों ने सड़कों पर मारा।’डीसीपी नई दिल्ली ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘माननीय हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह के अनुसार, सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस ने बहुत संयम बरता और यह काम सुरक्षित तरीके से किया। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से जगह खाली कर दें।’नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, ‘माननीय हाई कोर्ट के आदेशानुसार और स्वास्थ्य की स्थिति व मेडिकल सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को जरूरी मेडिकल इलाज के लिए यहा से एक उपयुक्त सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है और वे अभी मेडिकल निगरानी में हैं।’

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *