Blog

बांग्लादेश में हिंदुओं को बार-बार किया जा रहा है टारगेट,भारत ने तारिक सरकार को लगाई कड़ी फटकार

बांग्लादेश में हिंदुओं को बार-बार किया जा रहा है टारगेट,भारत ने तारिक सरकार को लगाई कड़ी फटकार
  • PublishedJune 24, 2026

पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में तारिक रहमान की नई सरकार बनने के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि इस्लामिक कट्टरपंथियों पर नकेल कसा जाएगा. मगर ऐसा होता दिख नहीं रहा है बल्कि उसका दबाव और बढ़ ही गया है. इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि बांग्लादेश के गाइबांधा में भगवान राम की 81 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण पर रोक लगा दी गई है. मानवाधिकार संगठन JMBF ने इसको लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि सरकार ने यह फैसला इस्लामिक कट्टरपंथी समूहों के दबाव में लिया.इसके विरोध में वहां के हिंदू समुदाय ने सड़कों पर उतरकर भारी विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने मशाल जलाकर धार्मिक भावनाओं पर हमले की निंदा की है. इस स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने कल यानी मंगलवार को बांग्लादेश सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत को पूरी उम्मीद है कि बांग्लादेश सरकार वहां के कट्टरपंथियों पर लगाम लगाएगी और हिंदू अल्पसंख्यकों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.

मानवाधिकार संगठन जस्टिस मेकर्स बांग्लादेश इन फ्रांस के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में जैसे ही मंदिर में मूर्ति बनाने की बात सामने आई, स्थानीय इस्लामिक संगठनों ने इसका पुरजोर विरोध किया. विरोध के लिए रैलियां निकाली गईं, प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई और सरकारी अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपे गए. माहौल बिगड़ने और हिंसा के डर से मंदिर प्रशासन ने 12 जून को मूर्ति का निर्माण काम रोक दिया.हिंदू समाज की सुरक्षा को खतरा होने के कारण यह निर्माण रोकना पड़ा. यह घटना बांग्लादेश के अपने संविधान और दुनिया के मानवाधिकार नियमों के खिलाफ है.संगठन ने सरकार से इस पूरे मामले की बिना किसी पक्षपात के निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.बता दें कि बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों को बार-बार टारगेट किया जा रहा है. पिछले कुछ वर्षों सांप्रदायिक हिंसा और पूजा स्थलों पर हमलों की घटनाएं समय-समय पर होती रही हैं. अशांति और राजनीतिक अस्थिरता के बाद भारत ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर बार-बार चिंता जताई है. बावजूद इसके चीजें ठीक नहीं हो पा रही हैं.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *