Blog

खुशहाली लाने का संकल्प और मजबूत होगा,बीजेपी के विकास कार्यों पर जनता की मुहर

खुशहाली लाने का संकल्प और मजबूत होगा,बीजेपी के विकास कार्यों पर जनता की मुहर
  • PublishedSeptember 15, 2026

राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बड़ी जीत हासिल हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस जीत से गदगद हैं और उन्होंने शहरी निकाय चुनावों में पार्टी की जीत की तारीफ की और कहा कि यह जीत “झूठ की गूंज” पर सच की जीत का सबूत है. शहरी निकाय चुनावों में बीजेपी ने 10 नगर निगमों में से 4 में स्पष्ट बहुमत हासिल किया. राज्य में हुए चुनाव में बीजेपी को 4,179 वार्ड में जीत हासिल हुई तो कांग्रेस को 3,613 सीटों पर संतोष करना पड़ा.पीएम मोदी ने परिणाम आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने एक पोस्ट में कहा, “राजस्थान निकाय चुनावों में बीजेपी को शानदार जीत दिलाने के लिए जनता का दिल से आभार. यह ‘झूठ की गूंज’ पर सच की जीत का सबूत है.”

उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि उन्हें ‘डबल-इंजन’ सरकार की सुशासन और विकास की नीतियों का पूरा समर्थन है.बीजेपी के लिए नए संकल्प का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इस जीत से राज्य को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का बीजेपी का संकल्प और मजबूत होगा. उन्होंने कहा, “इस मौके पर चुनाव जीतने वाले सभी उम्मीदवारों और पार्टी के समर्पित तथा मेहनती कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई.”निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ऐतिहासिक करार दिया और इसके लिए राज्य के लोगों का आभार जताया. नवीन ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा, “राजस्थान के लोगों ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनका अटूट विश्वास बना हुआ है.” उन्होंने कहा, “भ्रम फैलाने वालों और नाराज फूफा जैसे लोगों को दरकिनार करते हुए राजस्थान ने जनकल्याण, विकास और सुशासन की नीतियों पर मुहर लगाई है.”दूसरी ओर, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कल सोमवार को कहा कि शहरी निकाय चुनावों में बीजेपी की यह ऐतिहासिक जीत जनता के पार्टी और उसके विकास मॉडल में विश्वास को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनता के विश्वास की जीत है. पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पिछले ढाई सालों के दौरान बीजेपी सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर राजस्थान की जनता ने अपनी मुहर लगाई है.मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशियों ने 65 में से 36 वार्ड जीतकर चुनाव परिणाम में बड़ी भूमिका निभाई. बीजेपी 20 और कांग्रेस 7 वार्ड पर विजयी रहा जबकि बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक-एक वार्ड में जीत दर्ज की.राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कल देर रात मतगणना वाले 10,244 वार्ड में से 10,235 के परिणाम घोषित किए जा चुके थे. बीजेपी को 4,179 तो कांग्रेस को 3,613 वार्ड में जीत मिली. जबकि आरएलपी ने 63, आम आदमी पार्टी (AAP) ने 42, CPI-M ने 38, BSP ने 19 और भारत आदिवासी पार्टी ने 8 वार्ड जीते.बीजेपी ने जयपुर, कोटा, उदयपुर और भीलवाड़ा नगर निगमों में बहुमत का आंकड़ा पार किया, जबकि कांग्रेस को बीकानेर में बहुमत के साथ जीत हासिल हुई.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *