झूठ की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती,गिरिराज सिंह ने प्रशांत किशोर पर किया बड़ा हमला
बिहार के बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज और उसके संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि उपचुनाव में पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए प्रशांत किशोर स्वयं चुनावी मैदान में उतरने को मजबूर हुए हैं.गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर केवल शब्दों का जाल बुनते हैं. जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा कि जन सुराज पर पहले से पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लग चुका है. प्रशांत किशोर के दिए टिकट पर ऐसे उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे. इसलिए इस बार उन्हें कोई लड़ने वाला कैंडिडेट नहीं मिला तो खुद उतर गए.केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने जिस नेता को विधायक चुना, उसी नेता को पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर सम्मान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रशांत किशोर लगातार भ्रामक बयान दे रहे हैं. जनता अब सब समझ चुकी है और झूठ की राजनीति लंबे समय तक नहीं चल सकती.इस दौरान गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मानों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को केवल ऑस्ट्रेलिया या इंडोनेशिया ही नहीं, बल्कि दुनिया के 35 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है. यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है.गिरिराज सिंह ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व स्तर पर इतना सम्मान मिला है.

उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के किसी भी प्रधानमंत्री को इस स्तर का वैश्विक सम्मान प्राप्त नहीं हुआ था. बांकीपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सांसद बनने पर खाली हुई थी.13 जुलाई की तारीख को नामांकन की आखिरी तारीख है. जबकि बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग और नतीजे 3 अगस्त को आएंगे. उपचुनाव में सभी दलों ने अपनी सारी ताकत झोंक दी है.